Thursday, May 14, 2026
Google search engine

हाथी के रेस्क्यू ऑपरेशन के लिये सड़क से लेकर रेलवे ट्रैक पर लगाया गया था लॉकडाउन..

* रास्तेभर में किया गया था ब्लैक आऊट
* 24 घंटे वन विभाग के अधिकारी/कर्मचारियों की टीम लगी रही हाथियों को सुरक्षित गंतव्य तक पहुंचाने
* हाथियों को बरबसपुर के पास सड़क पार कराने रोका गया 1 घंटे तक कोरबा-चांपा मुख्य मार्ग
* रेलवे प्रबंधन से कम्युनिकेशन कर रोका गया मालगाड़ी का भी परिचालन
कोरबा (pnews24) कोरबा जिले के हरदीबाजार क्षेत्र से हाथियों का दल शुक्रवार को सर्वमंगला मंदिर के समीप पहुंच गया था। इस हाथी के दल को जंगल की ओर पहुंचाना वन विभाग के लिए चुनौती बना हुआ था। रिहायशी क्षेत्र में हाथियों के दस्तक से वन विभाग की मुश्किलें बढ़ गई थी। लेकिन वन विभाग की टीम ने शुक्रवार को सुबह से देर रात तक काम किया और अपनी सूझबूझ का परिचय दिया जिसके चलते हाथी के दल का सफल रेस्क्यू हो गया और वे सकुशल अब जंगल तक पहुंच गए हैं। लेकिन रायगढ़ से लेकर सक्ती, जांजगीर-चांपा सहित बिलासपुर के वन अमले को छका चुके हाथी दल को वापस उनके पुराने ट्रैक की ओर भेजना आसान नहीं था इसके लिए कई विभाग से कम्युनिकेशन बनाकर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया पड़ा।
जानकारी के अनुसार हाथियों को जंगल पहुंचाने के लिए वन विभाग और पुलिस ने पूरी प्लानिंग की। सबसे पहले 1 घंटे के लिए कोरबा-चांपा मुख्य मार्ग को बंद किया गया और सारे गाड़ियों के लाइटों को भी पूरी तरह से बंद कराया गया। संभावित रूट में स्ट्रीट लाइट भी बंद कराया गया। साथ ही रेलवे प्रबंधन से कम्युनिकेशन किया ताकि हाथियों के दल को बिना बाधा के रेलवे ट्रैक को पार कराया जा सके। वह इसलिए कि हर 5 मिनट में रेलवे ट्रैक से मालगाड़ी गुजरती है। ऐसे में हाथी मालगाड़ी देखकर या इसके आवाज से लौट सकते थे या फिर उनके ट्रैक पार करते समय बड़ा हादसा हो सकता था।
कोरबा वन मंडल अधिकारी अरविंद पी. व एसडीओ आशीष खेलवार कोरबा वन परिक्षेत्र अधिकारी सियाराम करमाकर व उनकी टीम के जिम्मे हाथियों के दल को सकुशल जंगल पहुंचाना किसी चुनौती से कम नहीं था। हाथियों को कैसे करतला रेंज में उनके रहवास वाले जंगल की ओर भेजा जाए, इसके लिए वन विभाग के पूरे अधिकारी-कर्मचारियों की टीम ने पूरी योजना बनाई। सर्वमंगला की ओर से धीरे-धीरे कर हाथियों को खदेड़ना शुरू किया। रात लगभग 11:00 बजे हाथियों का दल बरबसपुर के पास पहुंचा, जहां हाथियों का दल सड़क को पार नहीं कर रहा था। जिसके उपरांत वन विभाग के अधिकारियों ने अपनी सूझबूझ का परिचय दिखाया और कोरबा-चांपा मुख्य मार्ग को पूरी तरह से बंद कर दिया गया। सभी वाहनों के लाइट को भी बंद कराया गया। तब जाकर रात लगभग 11:30 बजे हाथियों का दल बरबसपुर के समीप सड़क को पार कर आगे बढ़ा। जिसके बाद रेलवे ट्रैक को पार करना किसी चुनौती से कम नहीं था।
कोरबा वन मंडल अधिकारी (डीएफओ) अरविंद पी. व एसडीओ आशीष खेलवार ने रेलवे प्रबंधन से लगातार कम्युनिकेशन किया ताकि रेलवे ट्रैक को पार करते समय कोई अप्रिय घटना ना हो। वही रेलवे प्रबंधन ने भी वन विभाग का बखूबी साथ निभाया। इस दौरान देर रात हाथियों का दल को रेलवे ट्रैक को पार करने की आवश्यकता नहीं पड़ी। बरबसपुर के पास रेलवे द्वारा निर्माण किए गए अंडर ब्रिज से हाथी दल ने आसानी से रेलवे ट्रैक को पार कर लिया। जिसकी वजह से वन विभाग ने राहत की सांस ली। जिसके उपरांत तड़के लगभग 4:00 बजे हाथियों को आगे भैसमा के जंगल की ओर खदेड़ा गया। अब मौजूदा स्थिति में हाथियों का दल क्षेत्र के जंगल में आराम फरमा रहा है। पूरी रात वन विभाग की टीम लगी रही जिसका नतीजा है कि अब हाथी पूरी तरह से सुरक्षित जंगल पर पहुंच चुके हैं, अन्यथा सड़क एवं रेलवे ट्रैक को पार कराना किसी चुनौती से कम नहीं था। जिस तरह से वन विभाग की टीम ने 24 घंटे कड़ी मेहनत की और सूझबूझ का परिचय दिखाया जिससे हाथियों का दल पूरी तरह से सुरक्षित नजर आ रहा है।

 

Recent News

वंदे छत्तीसगढ़ यूट्यूब चैनल का शुभारंभ

  चैनल को मिल रहा बेहतर प्रतिसाद कोरबा : आज का दौर सोशल मीडिया और डिजिटल का है, ऐसे में एक नए यूट्यूब चैनल का उदय...