ग्राम दादर खुर्द में कथा श्रवण लाभ लेने श्रद्धालुओं की उमड़ी भीड़,
कोरबा : त्रिवेदी परिवार द्वारा ऊर्जाघानी के ग्राम दादर खुर्द में संगीतमय श्रीमद् भागवत कथा ज्ञान यज्ञ सप्ताह का भव्य आयोजन किया जा रहा है। इस आयोजन से पूरे क्षेत्र की धार्मिक और आध्यात्मिक ऊर्जा से जीवंत हो उठी है।27 मार्च से 2अप्रैल तक आयोजित श्रीमद् भागवत कथा ज्ञान यज्ञ सप्ताह का मुख्य उद्देश्य भगवान कृष्ण की लीलाओं और जीवन-दर्शन के माध्यम से भक्तों के जीवन को समृद्ध बनाना, ईश्वर भक्ति, आत्म-शुद्धि, संस्कार, सद्भाव और मोक्ष की ओर ले जाना है।
श्रीमद् भागवत कथा ज्ञान यज्ञ सप्ताह का शुभारंभ विधिवत वेदीपूजन व कलश यात्रा के साथ किया गया। इस ज्ञान यज्ञ सप्ताह के अंतर्गत गौकर्ण कथा, वराह अवतार, श्री शिव चरित्र, ध्रुव चरित, प्रहलाद चरित, भगवान नृसिंह अवतार, श्रीराम चरित, कृष्ण जन्ममहामहोत्सव, रासलीला, रुकमणि विवाह, श्री सुदामा चरित, परिक्षित मोक्ष, भागवत चढ़ौत्री आदि अनेक महत्वपूर्ण प्रसंगों के संगीतमय वर्णन से श्रद्धालुगण भगवान कृष्ण के दिव्य स्वरूप का साक्षात अनुभव कर रहे हैं ।कथावाचक पं. सागर चौबे जी द्वारा भागवत माहात्म्य और विभिन्न प्रसंगों के अद्भुत संगीतमय वर्णन से श्रद्धालुगण आध्यात्मिक ऊर्जा से परिपूर्ण हो रहे हैं।
2अप्रैल को श्रीमद् भागवत कथा ज्ञान यज्ञ सप्ताह का समापन होगा। इस दिन श्री विष्णु सहस्त्रनाम पाठ, श्री गीता तुलसी वर्षा, पूर्णाहूति के साथ महाप्रसाद वितरण किया जाएगा। कथा श्रवण का लाभ लेने वाले श्रद्धालु प्रतिदिन हजारों की संख्या में प्रसाद ग्रहण कर रहे हैं । आयोजक के द्वारा प्रतिदिन दोपहर और रात्रि में लंगर का रखा गया है। गौर करने वाली बात यह है कि कथा का रसपान एक तोता भी कर रहा है।


