सरकारी जमीन पर कब्जे के आरोप में कांग्रेसी पार्षद को किया गया अपात्र घोषित
कोरबा (pnews24) कोरबा जिले के कटघोरा विकासखण्ड अंतर्गतगत पंचायत छुरी के वार्ड क्रमांक 9 के कांग्रेस पार्षद हीरालाल यादव पर 5 एकड़ सरकारी जमीन अतिक्रमण करने का आरोप भारी पड़ा। कलेक्टर ने उसे बाकी कार्यकाल के लिए अपात्र घोषित कर दिया है। बेजा कब्जा के मामले में यह पहली कार्यवाही की गयी है। नगर पंचायत छुरी की अध्यक्ष नीलम देवांगन ने कलेक्टर न्यायालय में आवेदन देकर आरोप लगाते हुए कहा था कि पार्षद हीरालाल यादव ने नगर पंचायत क्षेत्र में पुष्पवाटिका के लिए प्रस्तावित लगभग 5 एकड़ स्थल पर अतिक्रमण कर बाउंड्री बना ली है। कटघोरा तहसीलदार ने जब इसकी जांच की तो सरकारी जमीन पर अतिक्रमण करना पाया गया। एसडीएम कटघोरा ने भी मामले में प्रकरण दर्ज कर पार्षद को नोटिस जारी किया था। कलेक्टर ने आदेश में कहा है कि कोई भी जनप्रतिनिधि सरकारी जमीन पर अतिक्रमण करता है तो वह गंभीर प्रकरण है। इससे जनता में नकारात्मक संदेश जाता है। इससे सरकारी जमीन पर अतिक्रमण करने वाले लोगों को प्रश्रय मिलेगा।
इस वजह से पार्षद हीरालाल यादव के वर्तमान कार्यकाल के शेष अवधि के लिए पार्षद होने के पात्र नहीं रहेंगे। नगर पंचायत में कांग्रेस से ही नीलम देवांगन अध्यक्ष हैं। पहली बार किसी पार्षद पर सरकारी जमीन पर अतिक्रमण करने के आरोप में कार्यवाही की गई है।
* अध्यक्ष ने अपनी कुर्सी बचाने रचा षड्यंत्र
इस कार्यवाही पर पार्षद हीरालाल यादव ने कहा हैं कि पिछले कार्यकाल में छुरी नगर पंचायत में अध्यक्ष रहे अशोक देवांगन की पत्नी श्रीमती नीलम देवांगन इस बार अध्यक्ष हैं। इस बार के चुनाव में कांग्रेस के 9 और भाजपा के 6 पार्षद ने जीत हासिल की। चुनाव में बहुमत के बाद सबकुछ ठीक चल रहा था और हीरालाल कांग्रेसी पार्षद होने के नाते पीआईसी सदस्य भी बनाये गए, मगर जब भी पीआईसी की बैठक होती, पूरे सदस्यों को कोरे कागज पर हस्ताक्षर करने को कहा जाता था। इसका विरोध करने पर अध्यक्ष नीलम अशोक देवांगन ने 3 कांग्रेसी पार्षदों हीरालाल यादव, राकेश प्रताप सिंह और माया अग्रवाल को पीआईसी से हटा दिया।

