कोरबा : आम आदमी पार्टी ने छत्तीसगढ़ की विष्णुदेव साय सरकार पर गहन प्रहार करते हुए शिक्षा व्यवस्था को लेकर बड़ा बयान दिया है। जिला अध्यक्ष (ग्रामीण)जगलाल राठिया ने प्रेस को जारी एक बयान में कहा है कि “युक्तियुक्तकरण के नाम पर प्रदेश की स्कूली शिक्षा को बर्बाद करने का खेल खेला जा रहा है, और सरकार बच्चों के भविष्य को अंधकार में धकेल रही है।”
शिक्षकों की भारी कमी, फिर भी जबरन इधर-उधर तबादले
आप ने आरोप लगाया कि प्रदेश के कई सरकारी स्कूलों में शिक्षक नहीं हैं, फिर भी सरकार “अतिशेष शिक्षक” बताकर शिक्षकों का मनमाना स्थानांतरण कर रही है। “ऐसे कई उदाहरण हैं जहां एक स्कूल में विषय शिक्षक को हटाकर दूसरे स्कूल भेज दिया गया और फिर उसी विषय के शिक्षक को वहीं पुनः नियुक्त किया गया।” जगलाल राठिया ने कहा, “यह सब चहेतों को लाभ पहुंचाने की राजनीति है।”
10372 स्कूल बंद, और सरकार मना रही उत्सव
प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया कि युक्तियुक्तकरण की आड़ में पिछले साल की तुलना में प्रदेश में 10,372 सरकारी स्कूल कम हो गए हैं। रसोईया, सफाईकर्मी, शिक्षक हड़ताल पर हैं और सरकार ‘शाला प्रवेश उत्सव’ का दिखावा कर रही है। मिश्रा ने सवाल उठाया, “क्या यही विष्णुदेव सरकार का सुशासन है?”
निशुल्क किताबें गायब, महंगी शिक्षा का बोझ
छात्रों को मुफ्त पाठ्यपुस्तकें नहीं मिल पा रहीं, इसके लिए आम आदमी पार्टी ने रायपुर डीईओ को नोटिस जारी होने का हवाला देते हुए पूरे सिस्टम पर सवाल उठाया।
निजी स्कूलों और अधिकारियों की मिलीभगत से विद्यार्थियों को महंगी, घटिया और अतिरिक्त सिलेबस वाली किताबें खरीदने को मजबूर होना पड़ रहा है।
सरकारी योजनाएं ध्वस्त, शिक्षा व्यवस्था खस्ताहाल
साइकिल योजना ठप,
यूनिफार्म वितरण अटका,
पाठ्य पुस्तकें स्कूल खुलने के बाद भी नहीं मिलीं।
मिश्रा ने दावा किया कि पिछली बार की किताबें कबाड़ की दुकानों और रद्दी बाजार में पाई गई थीं, और इस बार भी वही हाल है।
सरकार कर रही प्राइवेट स्कूलों को फायदा, बच्चों का भविष्य बर्बाद
श्री राठिया ने भाजपा सरकार पर निजी स्कूलों को संरक्षण देने और सरकारी शिक्षा को योजनाबद्ध तरीके से खत्म करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि “बच्चों की शिक्षा कोई व्यापार नहीं, यह उनका अधिकार है। भाजपा सरकार इसे भी मुनाफे का धंधा बना चुकी है।”
आम आदमी पार्टी का अल्टीमेटम
“यदि राज्य सरकार ने शिक्षा को लेकर ठोस कदम नहीं उठाए और बच्चों के भविष्य से खिलवाड़ बंद नहीं किया, तो आम आदमी पार्टी प्रदेशव्यापी आंदोलन छेड़ेगी।”

