* 290 किमी पाइप बिछाएंगे
कोरबा (pnews24) कोरबा जिले की दूसरी बड़ी कुदुरमाल समूह जल प्रदाय योजना से 72 गांवों के लोगों को कुदुरमाल एनीकट से पेयजल के लिए पानी मिलेगा। 220.37 करोड़ की योजना से 290 किलोमीटर पाइप लाइन बिछाई जाएगी। तकनीकी मंजूरी के बाद अब प्रशासकीय मंजूरी की प्रक्रिया चल रही है। जल जीवन मिशन के तहत ग्रामीणों को शुद्ध पानी देने के लिए यह योजना बनाई है। इन गांवों में भू-जल स्रोत कमजोर होने से समूह में पानी दिया जाएगा। हर साल गर्मी में इन क्षेत्रों में पानी की समस्या होती है। कोरबा और करतला क्षेत्र के 72 गांवों के लिए एनीकट के पास वाटर ट्रीटमेंट प्लांट बनाकर पानी की आपूर्ति होगी।
यह योजना 30 साल के हिसाब से डिजाइन की है। यह योजना एतमानगर के बाद दूसरी बड़ी पेयजल योजना है। इस योजना में सोहागपुर से लेकर मातमार तक के लिए है। पहले मड़वारानी समूह जल प्रदाय योजना बनाई थी, पर मड़वारानी एनीकट की मंजूरी नहीं मिलने की वजह से इसे कुदुरमाल एनीकट से जोड़ दिया है। पाइपलाइन 4 स्थानों से रेलवे लाइन के नीचे से गुजरेगी। इसके लिए अंडर ग्राउंड पाइप लाइन बिछाने की तैयारी की गई है।
भैंसमा, तिलकेजा, बरपाली में पहले से ही नल जल योजना संचालित है, लेकिन फिर भी यहां पानी की समस्या होती है। टंकी नहीं भर पाने की वजह से लोगों को पर्याप्त पानी नहीं मिल पाता है। गांवों में पानी आपूर्ति के लिए 3 बड़े ओवरहेड टंकी का निर्माण किया जाएगा। यहां से गांवों की टंकियों को भरने के बाद घरों में पानी आपूर्ति होगी।
* वाटर ट्रीटमेंट प्लांट का पीएचई करेगा संचालन
समूह जल प्रदाय योजना के संचालन को लेकर पहले सवाल उठ रहे थे, लेकिन अब वाटर ट्रीटमेंट प्लांट का संचालन पीएचई ही करेगी। गांव में पानी आपूर्ति की व्यवस्था पंचायत ही देखेगी। इसमें पानी आपूर्ति के बदले जलकर की वसूली से लेकर मरम्मत के कार्यों को भी पंचायत ही कराएगी।
* पेयजल योजना से इन गांवों में जल की किल्लत होगी दूर
योजना के तहत ग्राम खरहरी, फरसवानी, सोहागपुर, जोगीपाली, देवलापाठ कुदुरमाल, देऊरमाल, बरीडीह, संडैल, सेमीपाली, कुकरीचोली, सिलियारीभाठा, मसान, बगबुड़ा, उरगा, पताड़ी, पहंदा, ढनढनी, सरगबुंदिया, बरपाली, बंधवाभांठा, सलिहाभाठा, पुरैना, खोड्डल, डोंगदरहा, भैसमा, जुनवानी, तिलकेजा, कलमीभाठा सहित 72 गांव शामिल हैं।
* एनीकट में पेयजल के लिए 2.9 एमसीएम पानी किया गया रिजर्व
पेयजल योजना के लिए कुदुरमाल एनीकट में 2.9 मिलियन घन मीटर पानी रिजर्व रखा जाएगा। एनीकट का निर्माण लैंको पावर प्लांट को पानी देने के लिए हसदेव नदी पर कुदुरमाल के निकट ही बनाया गया है। अब इसके पानी का उपयोग पेयजल के लिए भी होगा।
* आबादी अभी 1 लाख 5179, 30 साल बाद 1 लाख 38 हजार 823 होगी
पेयजल योजना में शामिल 72 गांवों की आबादी अभी एक लाख 5179 है। 30 साल बाद यह आबादी बढ़कर 1 लाख 38 हजार 832 हो जाएगी। अभी 24923 घर हैं, जो बढ़कर 32940 हो जाएगी। इसके बाद भी योजना से पानी की कमी नहीं होगी। मकानों की संख्या बढ़ने के बाद नल कनेक्शन भी दिए जाएंगे।
* 2024 तक योजना का काम पूर्ण हो जाए इसका कर रहे प्रयास : ईई
पीएचई के कार्यपालन अभियंता अनिल कुमार का कहना है कि “प्रशासकीय मंजूरी मिलने के बाद टेंडर की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। अगले साल तक काम पूर्ण करने का प्रयास किया जा रहा है। शीघ्र ही प्रशासकीय मंजूरी मिलने की संभावना है। इसके लिए बैठक होने वाली है।

