सर्वमंगला मंदिर में विधि-विधान से ‘घट स्थापना’, आस्था के 8000 ज्योति कलशों से जगमगाया
कोरबा: जिले में हसदेव नदी के तट पर स्थित मां सर्वमंगला मंदिर में चैत्र नवरात्रि के पावन पर्व का आगाज अत्यंत हर्षोल्लास के साथ हुआ। 19 मार्च से शुरू हुए इस नौ दिवसीय उत्सव के प्रथम दिन विधि-विधान से घट स्थापना की गई। मंदिर परिसर में इस वर्ष आस्था का अनूठा संगम देखने को मिल रहा है, जहां देश-विदेश के श्रद्धालुओं द्वारा लगभग 7000 रशीद काटी गई थी जो देर शाम तक कुल 8000 तक पहुंच गई अब 8000 मनोकामना ज्योति कलश से माता का मंदिर जगमगा रहा है।हसदेव नदी पावन तट पर स्थित आस्था स्थल मां सर्वमंगला मंदिर में चैत्र नवरात्र के अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने अपने मनोकामना ज्योति कलश जलवाएं है। श्रद्धालुओं का ताता मां के दर्शन के लिए उमड़ रहा है। मंदिर प्रबंधन समिति ने भक्तों की सुविधा के लिए कई प्रबंध किए है।
नवरात्रि पर माँ सर्वमंगला मंदिर में श्रद्धा और भक्ति का अनूठा संगम देखने को मिल रहा है। इस वर्ष मंदिर प्रबंधन द्वारा मनोकामना ज्योति कलशों की स्थापना की गई है, जिससे माँ का दरबार दीपों की आभा से आलोकित हो रहा है। भव्य आयोजन को लेकर भक्तों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। कोरबा ही नहीं, बल्कि दूर-दराज के जिलों से भी श्रद्धालु माँ के दर्शन के लिए मंदिर पहुँच रहे हैं। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए मंदिर प्रबंधन समिति ने विशेष तैयारियाँ की हैं। दर्शन व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए अलग-अलग कतारें बनाई गई हैं, जिससे भक्त बिना किसी असुविधा के माँ के दर्शन कर सकें। साथ ही, मंदिर परिसर को आकर्षक विद्युत सजावट और रंगीन फूलों से सजाया गया है। जिससे श्रद्धालु अपनी मनोकामनाएँ माँ के चरणों में अर्पित कर सकें। इस अवसर पर विशेष अनुष्ठान भी आयोजित किए जा रहे हैं, जिनमें हजारों श्रद्धालु हिस्सा ले रहे हैं।
* सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, सीसीटीवी से निगरानी
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को नियंत्रित करने और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन ने कड़े इंतजाम किए हैं। मंदिर परिसर के अंदर और बाहर पुलिस बल तैनात किया गया है, साथ ही सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जा रही है। भीड़ को व्यवस्थित करने के लिए बैरिकेडिंग की गई है और पर्याप्त संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए भी अलग से पुलिस बल तैनात किया गया है।
भक्ति और आस्था का केंद्र
राजपुरोहित नमन पांडे ने बताया कि मां सर्वमंगला के प्रति भक्तों की अटूट आस्था है। यहाँ केवल कोरबा ही नहीं, बल्कि पड़ोसी जिलों और सात समंदर पार विदेशों से भी श्रद्धालु माता आस्था रखते हैं। नवरात्रि के प्रथम दिन मां आदिशक्ति के प्रथम स्वरूप मां शैलपुत्री की पूजा-अर्चना की गई। पर्वतराज हिमालय की पुत्री होने के कारण इन्हें शैलपुत्री कहा जाता है और यह स्थिरता व शक्ति की प्रतीक मानी जाती हैं।
श्रद्धालुओं के लिए विशेष इंतजाम
बढ़ती गर्मी और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए मंदिर प्रबंधन द्वारा व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं: धूप से बचाने के लिए मंदिर परिसर में विशेष शेड लगाए गए हैं। भक्तों के लिए शीतल और शुद्ध पेयजल की सुलभ व्यवस्था की गई है। कतारबद्ध होकर दर्शन करने के लिए बैरिकेडिंग और वॉलिंटियर्स की तैनाती की गई है।
सुरक्षा के कड़े पहरे
भक्तों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ‘सर्वमंगला पुलिस सहायता केंद्र’ पूरी तरह मुस्तैद है। पुलिस बल के साथ-साथ अतिरिक्त सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई है। मंदिर के चप्पे-चप्पे पर नजर रखी जा रही है ताकि किसी भी अनहोनी को रोका जा सके और श्रद्धालु शांतिपूर्वक दर्शन कर सकें।
आज नवरात्रि के प्रथम दिवस मां शैलपुत्री की पूजा विधि विधान से हुई साथ ही घट स्थापना की पूजा हुई… श्रद्धालुओं के द्वारा लगभग 8000 मनोकामना ज्योति कलश प्रज्वलित किए गए हैं…प्रतिदिन मां के नौ अलग-अलग स्वरूपों का श्रृंगार और पूजन किया जाएगा। प्रबंधन का प्रयास है कि दूर-दराज से आने वाले किसी भी भक्त को असुविधा न हो। 

