कोरबा: कथित शराब प्रकरण में अदालत द्वारा अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया को निर्दोष करार दिए जाने के बाद आम आदमी पार्टी में उत्साह का माहौल है। कोरबा आप जिला अध्यक्ष रिचर्ड डेविड लोगन एवं यूथ विंग जिलाध्यक्ष आजाद बख्श ने न्यायालय के निर्णय को लोकतंत्र, सत्य और न्यायपालिका की ऐतिहासिक जीत बताया। जिला अध्यक्ष रिचर्ड डेविड लोगन ने कहा कि यह फैसला भारतीय लोकतंत्र की आत्मा को सशक्त करने वाला है। उन्होंने कहा कि सत्य को लंबे समय तक झूठ के आवरण में नहीं छिपाया जा सकता और अंततः न्याय की विजय होती है। उनके अनुसार यह केवल दो नेताओं की व्यक्तिगत जीत नहीं, बल्कि करोड़ों देशवासियों के विश्वास, संवैधानिक मूल्यों और न्यायपालिका की गरिमा की जीत है। उन्होंने कहा कि इस निर्णय से यह स्पष्ट संदेश गया है कि देश में न्यायपालिका स्वतंत्र और निष्पक्ष रूप से कार्य कर रही है। लोकतंत्र की मजबूती इसी में है कि आरोप–प्रत्यारोप के बीच अंतिम निर्णय कानून के दायरे में होता है। फैसले के बाद कोरबा जिले में पार्टी कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर दौड़ गई। घंटाघर चौक पर आतिशबाजी कर मिठाइयां बांटी गईं और एक-दूसरे को रंग लगाकर जश्न मनाया गया। इस अवसर पर लोकसभा उपाध्यक्ष भूषण कुर्रे, महिला विंग जिला अध्यक्ष सरोज यादव, यूथ विंग जिलाध्यक्ष आजाद बख्श, जिला उपाध्यक्ष धर्मदास गांधी, एसटी विंग जिला अध्यक्ष पुष्पा, सतेंद्र यादव, आनंद सिंह, लहना सिंह, सोमराज, सुरेश साहू, शुभम यादव, विद्या यादव सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

