बर्खास्त 25 कर्मचारियों की बहाली की मांग ,आप ने सौंपा ज्ञापन।

कोरबा: छत्तीसगढ़ में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के अधिकारी और कर्मचारी अपनी 10 सूत्रीय मांगों को लेकर 18 अगस्त 2025 से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर हैं। इसी संबंध में आम आदमी पार्टी (AAP) ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, जिला कोरबा को ज्ञापन सौंपकर कर्मचारियों की मांगों को तत्काल पूरा करने तथा बर्खास्त किए गए 25 कर्मचारियों की बहाली की मांग की।

ज्ञापन में बताया गया कि सरकार द्वारा 25 हड़ताली कर्मचारियों की बर्खास्तगी के बाद 16 हजार से अधिक NHM कर्मचारियों ने सामूहिक इस्तीफा दे दिया है। इससे प्रदेश के अस्पतालों में स्वास्थ्य सेवाएं पूरी तरह बाधित हो गई हैं और आम मरीजों को गंभीर कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। स्वास्थ्य सेवाएं अनिवार्य सेवाओं में आती हैं, ऐसे में कर्मचारियों की मांगों की अनदेखी करना जनता के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ है।

AAP ने कहा कि NHM कर्मचारी नियमितीकरण की मांग कर रहे हैं, लेकिन सरकार उनकी जायज मांगों को मानने की बजाय उन्हें सेवा से बाहर कर रही है। यह सरकार की स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति असंवेदनशीलता को दर्शाता है। भाजपा ने अपने घोषणा पत्र में 100 दिनों के भीतर स्वास्थ्य कर्मचारियों के नियमितीकरण के लिए कमेटी गठित करने का वादा किया था, किंतु आज वह अपने वादे से मुकर रही है।

आम आदमी पार्टी ने सरकार से स्पष्ट मांग की है कि बर्खास्त कर्मचारियों को तत्काल बहाल किया जाए और “कार्य नहीं वेतन नहीं” के सिद्धांत को दरकिनार कर हड़ताल अवधि का पूरा वेतन दिया जाए। पार्टी ने चेतावनी दी है कि यदि सरकार ने जल्द ही समाधान नहीं निकाला तो प्रदेशव्यापी आंदोलन किया जाएगा और स्वास्थ्य मंत्री के बंगले का घेराव किया जाएगा।

AAP ने कहा कि पार्टी हमेशा जनता और कर्मचारियों की न्यायपूर्ण मांगों के साथ खड़ी है और उनके अधिकारों की लड़ाई को सड़क से सदन तक लड़ेगी। जिला स्वास्थ्य अधिकारी को  प्रदेश संगठन मंत्री आनंद सिंह के नेतृत्व मे ज्ञापन सौंपा गया l

Recent News

छत्तीसगढ़ में ट्रांसपोर्टरों का बड़ा ऐलान: 15 दिन में नहीं बढ़ा मालभाड़ा तो पूरे प्रदेश में बंद होगी माल ढुलाई, सरकार को अल्टीमेटम

छत्तीसगढ़ के ट्रांसपोर्टरों ने बढ़ती परिचालन लागत और घटते मालभाड़े के विरोध में सरकार को 15 दिन का अल्टीमेटम दिया है। मांगें पूरी नहीं...