मिथुन चक्रवर्ती की डिस्को डांसर बनने की कहानी

मिथुन दा की बायोग्राफी में तो ये दावा भी किया गया है कि डिस्को डांसर ने शोले के भी कई रिकॉर्ड्स तोड़ दिए थे

फिल्मी किस्से मे आज हम बात करेंगे कि कैसे मिथुन चक्रवर्ती डिस्को डांसर के सरताज बने। उस दिन मिथुन का लटका हुआ मुंह देखकर डायरेक्टर बी.सुभाष उनके पास आए और उन्होने मिथुन से पूछा कि क्यों इतने उदास हो? मिथुन बी.सुभाष की फिल्म तकदीर का बादशाह फिल्म की शूटिंग कर रहे थे। वो मेकअप रूम में उदास बैठे थे जब बी.सुभाष ने उन्हें देखा था। बी.सुभाष के पूछने पर मिथुन ने बताया,”मैं इतनी मेहनत कर रहा हूं। फिर भी फिल्में नहीं चल पा रही हैं। मैं और क्या करूं मुझे तो कुछ समझ में नहीं आ रहा।” तकदीर का बादशाह फिल्म की शूटिंग के दौरान बी.सुभाष को ये अहसास हो चुका था कि मिथुन बहुत अच्छा डांस भी कर लेते हैं। इसलिए जब मिथुन ने उस दिन बताया कि वो क्यों उदास हैं तो बी.सुभाष ने सिर्फ मिथुन का मूड बढ़िया करने के लिए यूं ही कह दिया कि तू फिक्र मत कर। मैं तेरे साथ एक फिल्म बनाऊंगा जिसका नाम होगा डिस्को डांसर।

बी.सुभाष ने उस वक्त डिस्को डांसर बनाने की बात सिर्फ मिथुन का मूड फ्रेश करने के लिए कही थी। ताकि मिथुन तकदीर का बादशाह फिल्म की शूटिंग जल्दी से शुरू कर लें। लेकिन वो बात कहने के बाद उन्होंने मिथुन की आंखों में जो चमक देखी वो उन्हें बड़ी अलग और अनोखी लगी। मिथुन फौरन खड़े हुए। उन्होंने तकदीर का बादशाह फिल्म के अपने उस दिन के दृश्य जल्दी-जल्दी शूट किए और शूटिंग खत्म करके बी.सुभाष के पास आकर बोले,”वो डिस्को डांसर की कहानी तो बताओ।” अब चूंकि बी.सुभाष जी के पास कोई कहानी तो थी ही नहीं। तो उन्होंने तब ऐसे ही अपने पास से चार लाइनें मिथुन को बता दी कि एक बच्चे की कहानी है जिसे डांस करने का बड़ा शौक है। उस बच्चे का बचपन बहुत गरीबी में गुज़रता है। लेकिन एक दिन वो बड़ा स्टार बन जाता है।

वो लाइनें सुनकर मिथुन बड़े खुश हुए। उन्हें भी वो चार लाइनों की कहानी पसंद आ गई। इत्तेफाक से तभी वहां बी.सुभाष के एक पीआरओ वहां आ गए। मिथुन ने बी.सुभाष से कहा कि आप इनको बोल दीजिए कि ये अनाउंस कर दें। बी.सुभाष थोड़ा कन्फ्यूज़ तो हुए कि ऐसा करना सही रहेगा भी कि नहीं। क्योंकि उन्होने तो बस मिथुन का मन बहलाने को डिस्को डांसर फिल्म बनाने की बात कही थी। लेकिन अब वो उन्हें मना करके उनका दिल नहीं दुखाना चाहते थे। इसलिए बी.सुभाष ने अपने पीआरओ से कहा कि अखबार वालों को खबर दे दो कि बी.सुभाष डिस्को डांसर नाम से एक फिल्म बनाने जा रहे हैं जिसमें मिथुन चक्रवर्ती हीरो होंगे। पीआरओ ने ऐसा ही किया। और अगले दिन स्क्रीन अखबार के पहले पेज पर मिथुन और डिस्को डांसर की वो खबर छप गई। बी.सुभाष को तब तक भी यकीन नहीं था कि उन्हें ये फिल्म बनानी ही पड़ेगी।

स्क्रीन अखबार में खबर छपने के एक सप्ताह बाद कई डिस्ट्रीब्यूटर्स बी.सुभाष से मिलने आए। वो बी.सुभाष को मोटी रकम एडवांस में ही देने के वादे करने लगे। वो कहने लगे कि आप ये फिल्म बनाईए। पैसे की फिक्र मत कीजिए। आखिरकार बी.सुभाष ने फैसला किया कि वो डिस्को डांसर फिल्म बनाएंगे। फिर तो उन्होंने प्रॉपर तरीके से डिस्को डांसर की कहानी लिखाई। उस पर काम किया और डिस्को डांसर फिल्म बनाई। फिल्म ज़बरदस्त हिट साबित हुई। डिस्को डांसर ने कई रिकॉर्ड धाराशायी कर दिए। मिथुन दा की बायोग्राफी में तो ये दावा तक किया गया कि डिस्को डांसर वर्ल्डवाइड सौ करोड़ रुपए कमाने वाली पहली भारतीय फिल्म है। रशिया में भी डिस्को डांसर रिलीज़ की गई और वहां इस फिल्म को बहुत पसंद किया गया। मॉस्को फिल्म फेस्टिवल में डिस्को डांसर का प्रीमियर किया गया था जहां तीन हज़ार लोगों ने खड़े होकर डिस्को डांसर फिल्म के लिए तालियां बजाई थी।

 

Recent News

1.13 करोड़ की ठगी का बड़ा खुलासा: ‘वॉश एंड वॉश’ गिरोह के 7 आरोपी गिरफ्तार, 4 करोड़ से ज्यादा नकद बरामद

रायपुर पुलिस ने 1.13 करोड़ की ठगी करने वाले अंतरराज्यीय ‘वॉश एंड वॉश’ गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुणे के खंडाला से 7 आरोपी...