” हिंदू नववर्ष के आगमन पर 22 मार्च,बुधवार को आयोजित होने वाली भव्य शोभायात्रा के लिए हिंदू क्रांति सेना आयोजन समिति अध्यक्ष राहुल चौधरी के नेतृत्व में तैयारियों का दौर जारी है। बड़ी संख्या में सभी समाज के लोग शामिल होकर सहयोग कर रहे हैं। सभी ने मिलजुलकर आपसी सहयोग से शोभयात्रा को भव्यता देने का संकल्प लिया है। हिन्दू नववर्ष का यह आयोजन कोरबा शहर का ऐसा आयोजन है जिसमें जात-पात, राजनीति, छोटे-बड़े के भेद को भुलाकर समग्र हिंदुओं को एकजुटता के सूत्र में बांधने का प्रयास है”
Pews24-कोरबा प्रेस क्लब तिलक भवन में पत्रवार्ता आहूत कर राहुल चौधरी ने बताया कि शोभायात्रा में पूरे समय श्री श्री 1008 रितेश्वर जी महाराज उपस्थित रहकर आशीर्वाद प्रदान करेंगे। शोभा यात्रा लिए कोरबा शहर को भगवान के लाईटिंग कट आउट, झंडे तोरन एवं लाईट एवं झालर से सजाया जा रहा है।
आयोजन में जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन का सहयोग प्राप्त हो रहा है। समिति अध्यक्ष राहुल चौधरी ने समस्त समाज से अनुरोध किया है कि 22 मार्च 2023 को समय निकाल कर भव्य शोभायात्रा के आयोजन रूपी यज्ञ में अपनी उपस्थिति की आहुतियां अवश्य दें। पत्रवार्ता में हिंदू क्रांति सेना के कोषाध्यक्ष रोहित असरानी,जितेंद्र सारथी, भरत महाराज राजा गुप्ता, अमर जायसवाल भी उपस्थित रहे।
0 विभिन्न राज्यों की झांकी का रहेगा आकर्षण
शोभयात्रा में श्री राम दरबार की जीवंत झांकियों सहित बस्तर नाचा, बैंड बाजा, राउत नाचा मुंगेली, कठपुतली शो बिलासपुर, घंटा बाजा ओडिशा, मावली ढोल महाराष्ट्र, लाइव देव झांकी, गौरी कृपा धुमाल दुर्ग, डमरू बाजा उज्जैन, थैयम झांकी तमिलनाडू, ढ़ाक बाजा बंगाल, ड्रोन पुष्प वर्षा बेंगलुरु, प्रतिमा झांकी कोलकाता, ऊंट की झांकी राजस्थान, घोड़े की झांकी खड़गपुर, दुलदुल घोड़ा मध्यप्रदेश, दिलेर खालसा ग्रुप पंजाब, चेंडा, मेलम बाजा केरल, बाहुबली शिवजी झांकी, बाहुबली बजरंग बली जी की झांकी, डीजे पावर जोन राजनांदगांव, वृंदावन मथुरा झांकी उत्तर प्रदेश, विश्व प्रसिद्ध श्याम बैंड जबलपुर, विश्व प्रसिद्ध रामू राजस्थानी महा झांकी के अलावा लाइटिंग डीजे नागपुर ढोल, डीजे, कीर्तन मंडली, विभिन्न प्रकार की झांकी, शंख वादन आदि इस आयोजन को और भव्य रूप प्रदान करेगा। शोभयात्रा की 10 जगह महाआरती की जाएगी। शोभायात्रा में इस बार भी यह आयोजन देश का सबसे बड़ा आयोजन होगा और भव्य होगा।
0 पुष्प वर्षा से होगा जगह-जगह स्वागत
राहुल चौधरी ने बताया कि शोभायात्रा सीतामढ़ी स्थित श्री राम-जानकी मंदिर में भव्य पूजा-अर्चना उपरांत प्रारंभ होगी। उसके पश्चात सीतामढ़ी, पुराना बस स्टैंड, रेलवे क्रॉसिंग, पावर रोड होते हुए ट्रांसपोर्ट नगर चौक से होकर नया बस स्टैंड पहुंचकर शोभायात्रा का समापन होगा। इस दौरान रास्ते भर प्रसाद एवं भोग का वितरण किया जाता रहेगा। शोभायात्रा का जगह-जगह पुष्प वर्षा से स्वागत किया जाएगा। व्यापारी व सामाजिक संगठनों के द्वारा शोभायात्रा में शामिल लोगों के लिए स्वल्पाहार, शरबत-पानी आदि की व्यवस्था की जाएगी।
0 बदलेगा यातायात का रूट
शोभा यात्रा का समय दोपहर 3 बजे से रखा गया है। शोभायात्रा में उमड़ने वाली भीड़ के कारण शहर की सड़कों पर नि:संदेह जाम की स्थिति निर्मित होगी और ऐसे में वह यात्री जिन्हें ट्रेन पकड़ना होगा उनके लिए मानिकपुर से होकर रेलवे स्टेशन पहुंचने का रूट निर्धारित किया गया है। शोभायात्रा में शामिल होने आने वालों के लिए शहर के बाहर पार्किंग स्थल चिन्हित किया जा रहा है जहां पर अपनी वाहन खड़ी कर यात्रा में शामिल होंगे। राहुल चौधरी ने शहरवासियों से अपील की है कि वह शोभायात्रा आयोजन के दौरान अपने चार पहिया वाहनों से शहर में अनावश्यक कार्य से प्रवेश ना करें और इस भव्य ऐतिहासिक आयोजन को निर्बाध रूप से सफल बनाने में हिंदू क्रांति सेना को सहयोग प्रदान करें।
22 मार्च से शुरू हो रहे हिंदू नव वर्ष को सर्व हिंदू समाज ऐतिहासिक बनाने की तैयारी में जुटा हुआ है। हिंदू नववर्ष की शोभायात्रा को लेकर पूरा शहर बैनर, पोस्टर व देवी-देवताओं की तस्वीरों से पट गया है। शोभायात्रा में कहां क्या खास होगा, इसकी जानकारी देने वाले बैनर पोस्टर सभी चौक-चौराहों के साथ सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर भी नजर आने लगे हैं। रात के समय शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर लगाए गए कटआउट रंगीन झालरों की रोशनी में लोगों के लिए आकर्षण का केन्द्र बने हुए हैं। शोभायात्रा में देशभर से अलग-अलग विधाओं में महारत प्राप्त 30 से अधिक टीमों के साथ कलाकारों का दल भाग लेने आने वाला है। जिन्हें आमंत्रित किया गया।
आयोजकों ने जानकारी देते हुए बताया की शोभायात्रा इतनी भव्य होगी कि केवल कलाकारों की संख्या ही एक हजार से अधिक रहेगी। जहां तक शोभायात्रा में शामिल होने वालों की बात है तो जिले भर से लोग आएंगे। जिनकी संख्या अमूमन 20 हजार से अधिक होने की संभावना है। दिव्य दिवस 22 मार्च का बहलहाल हर किसी को इंतजार है।
इस दिन श्रीराम जानकी मंदिर सीतामढ़ी से और कोसाबाड़ी स्थित मनसा पूरण हनुमान मंदिर से भगवान श्रीराम सहित अन्य देवी-देवताओं की दो शोभायात्रा निकाली जाएगी। दोनों का समागम टी.पी. नगर चौक पर होगा। पहली शोभायात्रा हनुमान मंदिर कोसाबाड़ी से दूसरी श्रीराम जानकी मंदिर से निकलेगी। दोपहर 3 बजे से निकलने वाली दोनों ही शोभायात्रा में वाराणसी, उत्तर प्रदेश से शिव जी अघोरी झांकी, वृंदावन की राधा-कृष्ण झांकी, दिल्ली के बाहुबली हनुमान की झांकी आकर्षण का केन्द्र रहेगी।
इस शोभायात्रा में पश्चिम बंगाल, उत्तर प्रदेश, दक्षिण भारत, पंजाब, राजस्थान, मध्यप्रदेश, दिल्ली के साथ छत्तीसगढ़ के कलाकारों, वाद्य यंत्र टीम, नर्तक दल के कलाकारों की टोली प्रदर्शन करेगी। यह शोभायात्रा हिंदू क्रांति सेना, सर्व हिंदू समाज, दुर्गा वाहिनी, हिंदू महासभा, हिंदू जागरण मंच, हिंदू युवा वाहिनी श्रीराम सेना सहित अन्य हिंदू संगठनों के सहयोग से निकाली जाएगी।
* प्रांतीय लोक संस्कृति की बिखरेगी छटा
शोभायात्रा में मेजबान कोरबा सहित देश के अन्य प्रांतों की लोक संस्कृति की झलक नजर आएगी, जिसमें बिलासपुर से राउत नाचा दल, लेमरू से करमा नर्तक दल, चचिया की महिला करमा नर्तक दल, बस्तर का गौड़ नृत्य, अजगरबहार से पंथी नृत्य, पश्चिम बंगाल का ढाक बाजा, इतवारी नागपुर से ढोल तासा, उड़ीसा का निशान, कोरबा से प्रतिमा की झांकी, उत्तर प्रदेश से लाइव झांकी, उज्जैन से डमरू वंदना, शंखनाद, कोरबा का धुमाल, दुर्ग का स्वरमाला डीजे आदि शामिल है।
* झांकी रहेगी आकर्षण का केंद्र
जयपुर से ऊंट, गिधौरी से घोड़ी बग्गी, सक्ती से महाकाल रथ, पंजाब से गतका ग्रुप, दिल्ली से बाहुबली हनुमान, वृंदावन से राधा-कृष्ण की झांकी, उत्तर प्रदेश से शिवजी अघोरी झांकी, काली मईया का रौद्र रूप, छत्तीसगढ़ का क्रेन लाइट शो, लाईट डेकोरेशन, भव्य आतिशबाजी, 51 व्यक्तियों द्वारा तीर व मशान यात्रा की झांकी, 25 किन्नरों द्वारा स्वागत, महाराणा प्रताप टीम का भव्य रुद्राभिषेक शोभायात्रा को लेकर शहर सजा के दौरान देखने को मिलेगा।

