कोरबा (pnews24-) कोरबा शहर की यातायात को आसान बनाने और रेलवे फाटक की समस्या को दूर करने के लिए फ्लाई ओवरब्रिज की योजना पर काम चल रहा है। अभी तक रेलवे फाटक में ओवरब्रिज बनाने के लिए सर्वे का काम भी पूरा कर लिया है। इमलीडुग्गू रेलवे क्रॉसिंग के पास यू आकार का फ्लाई ओवरब्रिज बनाने की याेजना है। इसकी लागत 55 करोड़ रुपए होगी। इस ओवरब्रिज की लंबाई 1 किलोमीटर रहेगी। राइट्स के अधिकारी स्थल देख चुके हैं।
कोयला खदानों से पावर प्लांटों को कोयला आपूर्ति के लिए बिछाई गई रेलवे लाइन शहर को कई भागों में बांटती है। हर 7 मिनट में एक मालगाड़ी गुजरती है। इस वजह से शहर से एक से दूसरे छोर पर आवाजाही करने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। अभी सिर्फ उषा काम्प्लेक्स क्रॉसिंग पर ही ओवरब्रिज बना है, लेकिन घुमावदार होने की वजह से लोग संजय नगर रेलवे क्रॉसिंग पर ही अधिक आवाजाही करते हैं।
सीएसईबी चौक पर लंबे समय से ओवरब्रिज की प्रक्रिया चल रही है। अब जाकर वाई आकार का ओवरब्रिज बनाने फाइनल किया गया है। रेलवे स्टेशन के आगे इमलीडुग्गू रेलवे क्रॉसिंग पर पहले अंडरब्रिज बनाने का प्रस्ताव था। इसे बजट में भी शामिल किया गया था, पर अब ओवरब्रिज फाइनल कर लिया गया है। यह रेलवे केबिन के आगे से होकर मानिकपुर रोड पर ओवर बर्डन के पास निकलेगी। दोनों ओर से मुड़ापार बाईपास पर ही आकर जुड़ेगी। इससे रेलवे क्रॉसिंग प्रभावित नहीं होगा। लोग इस मार्ग से भी आवाजाही कर सकेंगे। इससे निहारिका क्षेत्र के लोग सीधे रेलवे स्टेशन पहुंच सकेंगे।
* लोगों के 15 से 20 मिनट तक समय की होगी बचत
रेलवे क्रॉसिंग पर यातायात का दबाव बढ़ता ही जा रहा है। कोयले की डिमांड बढ़ने के बाद मालगाड़ी एक साथ दोनों ओर से पार होती है। इसमें 15 से 20 मिनट तक समय लग जाता है। ओवरब्रिज बनने के बाद रेलवे स्टेशन जाने वाले लोगों को सबसे अधिक राहत मिलेगी। समय की बचत भी होगी।
* बालको से बरबसपुर बाइपास भी प्रस्तावित ओवरब्रिज
बालकों से बरबसपुर बाईपास पर भी फ्लाई ओवरब्रिज बनाने सर्वे कर लिया गया है। इसकी लागत 40 करोड़ रुपए होगी। बालको व इंडस्ट्रियल एरिया जाने वाले वाहन भी आसानी से जा सकेंगे। अभी उरगा से कटघोरा नेशनल हाईवे फोरलेन सड़क बनने में समय लगेगा। इस वजह से यहां भी फ्लाई ओवर ब्रिज बनेगा।
* निगम क्षेत्र में 9 रेलवे क्रॉसिंग पर एक ही ओवरब्रिज
नगर निगम क्षेत्र में 9 रेलवे क्रॉसिंग है, लेकिन उषा कॉम्पलेक्स के पास फ्लाई ओवरब्रिज बन पाया है। टी.पी. नगर में 3, बालको रोड पर एक, कोरबा और कुसमुंडा के बीच 5 रेलवे क्रॉसिंग है, जहां लोग आवाजाही करते हैं। इसी वजह से अंडर ब्रिज और ओवरब्रिज बनाने की प्रक्रिया चल रही है।
* ओवरब्रिज बनाने सीआरएफ में भेजेंगे प्रस्ताव : एसडीओ
पीडब्ल्यूडी सेतु निगम के एसडीओ ए.के. जैन का कहना है कि ओवरब्रिज बनाने के लिए डीपीआर फाइनल करने के बाद सेंट्रल रोड फंड को प्रपोजल भेजा जाएगा। इमलीडुग्गू, सीएसईबी और बरबसपुर तीनों स्थानों के लिए एक साथ काम शुरू हो इसका प्रयास किया जा रहा है।

