* संगीत की धुन पर जमकर थिरके श्रद्धालु
कोरबा (pnews24) कोरबा शहर के पुराना बस स्टैंड में नवनिर्मित श्री मनोकामना सिद्ध श्रीराम हनुमान मंदिर की 25 जनवरी को प्राण-प्रतिष्ठा पूजन कार्यक्रम संपन्न किया जायेगा। इसके एक दिन पूर्व 24 जनवरी को प्रातः 8 बजे श्रद्धालुओं द्वारा विशाल कलश यात्रा निकाली गई जिसमें बड़ी संख्या में युवतियों और महिलाओं ने हिस्सा लिया। इसके बाद संध्या 4 बजे सीतामणी मार्ग स्थित सप्तदेव मंदिर से बाजे गाजे के साथ भव्य शोभायात्रा निकाली गई जो मुख्य मार्ग होते हुए उषा कॉम्प्लेक्स रेलवे क्रॉसिंग तक भ्रमण करने के बाद पुराना बस स्टैंड श्रीराम हनुमान मंदिर पहुंची।
इस दौरान मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम दरबार की झांकी एवं कर्मा नृत्य आकर्षण का मुख्य केंद्र बिंदु बनी रही। वहीं संगीत की धुन पर श्रद्धालु जमकर थिरके।
पुराना बस स्टैंड स्थित श्री सिद्ध हनुमान मंदिर में पिछले 36 मंगलवार से सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ एवं महाआरती का आयोजन किया जा रहा है जिसमें सैकड़ों श्रद्धालु शामिल होते हैं। इसी मंदिर के ठीक बाजू में श्रीराम मंदिर का निर्माण किया गया है जिसकी प्राण-प्रतिष्ठा पूजन 25 जनवरी को संपन्न कराया जायेगा। इस मंदिर के निर्माण और शोभायात्रा समेत समस्त अनुष्ठानों के आयोजन में सबने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

