मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ग्राम पिपरिया पहुंकर ग्रामीणों से कर रहे भेंट-मुलाकात
कोरबा (pnews24) प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भेंट-मुलाकात कार्यक्रम के लिए कोरबा जिले के पाली तानाखार विधानसभा के ग्राम पिपरिया पहुंच गए हैं। उनके साथ जिले के प्रभारी मंत्री एवं स्कूल शिक्षा मंत्री डॉ. प्रेमसाय सिंह टेकाम एवं लोकसभा सांसद श्रीमती ज्योत्सना महंत भी हैं। यहां हेलीपैड पर जन-प्रतिनिधियों, ग्रामीणों एवं अधिकारियों द्वारा उनका आत्मीय स्वागत किया गया।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ग्राम पिपरिया के भेंट-मुलाकात कार्यक्रम स्थल पहुंचे। उन्होंने छत्तीसगढ़ महतारी के छायाचित्र पर माल्यार्पण, दीपप्रज्वलन कर एवं राज्यगीत के साथ भेंट-मुलाकात कार्यक्रम की शुरुआत की। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भेंट-मुलाकात को सम्बोधित करते हुए कहा कि केंद्र सरकार ने कहा हैं कि एक रुपए भी धान के लिए ज्यादा दोगे तो हम धान नहीं खरीदेंगे। हमने राजीव गांधी किसान न्याय योजना की शुरूआत की, समर्थन मूल्य और इनपुट सब्सिडी मिलाकर किसानों को 2500 रुपए प्रति क्विंटल मूल्य दे रहे।
इस बीच एक किसान ने बताया कि पहली बार धान का टोकन कटाए हैं और पहली बार धान बेचेंगे, किसान ने कहा कि सरकार की योजना के कारण आसानी से धान बेच पा रहे हैं। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से बात करते हुए किसान महेश कुमार ने बताया कि उन्होंने 1.5 एकड़ खेत खरीदा है। पहली बार धान बेचा है, और तीन किश्त मिल चुकी है। यहां भेंट- मुलाकात करने के लिए हजारों की संख्या में ग्रामीण उमड़े हैं।
पिपरिया हेलीपैड में मुख्यमंत्री श्री बघेल के स्वागत के दौरान पाली तानाखार क्षेत्र के विधायक मोहितराम केरकेट्टा, जनपद सदस्य भोला गोस्वामी, नगर पालिका कटघोरा अध्यक्ष रतन मित्तल सहित ग्रामीण जन मौजूद रहे। प्रशासन की तरफ से मुख्यमंत्री का स्वागत पुलिस महानिरीक्षक बद्रीनारायण मीणा, कलेक्टर संजीव झा, पुलिस अधीक्षक संतोष सिंह, जिला पंचायत सीईओ नूतन कंवर, डीएफओ कोरबा अरविंद पी.एम. और अन्य अधिकारियों ने किया।

