कोरबा : राज्य सरकार के निर्देशानुसार जिले में 02 से 04 नवम्बर 2025 तक जिला स्तरीय राज्योत्सव-2025 का भव्य आयोजन ओपन ऑडिटोरियम घंटाघर चौक कोरबा में किया जा रहा है। इस आयोजन का उद्देश्य स्थानीय संस्कृति के संरक्षण, देश की विविध संस्कृतियों से परिचय एवं पर्यटन की संभावनाओं के विकास को बढ़ावा देना है।कार्यक्रम में राष्ट्रीय, राज्य एवं स्थानीय स्तर के प्रतिष्ठित कलाकार देशभक्ति गीत, छत्तीसगढ़ी लोकगीत, लोकनृत्य, नृत्य-नाटिका, शास्त्रीय संगीत और गायन की प्रस्तुति देंगे। राज्योत्सव में सर्वप्रथम स्थानीय कलाकार अपनी प्रस्तुति देंगे, तत्पश्चात प्रतिदिन रात्रि 7 बजे से मुख्य कार्यक्रम होंगे। पहले दिन 02 नवम्बर को प्रसिद्ध जसगायक श्री दिलीप षडंगी मंच पर प्रस्तुति देंगे। वे देवी जसगीतों के लिए जाने जाते हैं। उनके लोकप्रिय गीत अंबे मां के नवरात्रि”, आमा पान के पत्री” और झुपे अउ झुपाये बर हैं। 03 नवम्बर को छत्तीसगढ़ की सुप्रसिद्ध लोकगायिका श्रीमती अलका चंद्राकर अपनी मनमोहक गायकी से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध करेंगी। उन्होंने 100 से अधिक एल्बमों में अपनी आवाज दी है और उनका एल्बम चमके रे बिंदिया बेहद लोकप्रिय रहा है।04 नवम्बर को हास्य-व्यंग्य कवि सम्मेलन होगा, जिसमें अरुण जैमिनी और चिराग जैन सहित चार अन्य कवि — शशिकांत यादव (देवास), श्रद्धा शौर्य (नागपुर), देवेंद्र परिहार (मुंगेली) और हीरामणी वैष्णव (बालका) प्रस्तुति देंगे।राज्योत्सव 2025 में कला, संस्कृति और हास्य का अद्भुत संगम देखने को मिलेगा। यह आयोजन जिले के कलाकारों को मंच प्रदान करेगा और कोरबा की सांस्कृतिक पहचान को नई ऊँचाई देगा।

