कोरबा , क्षेत्र के आस्था स्थल माँ कंकालिन देवी मंदिर दादर में शारदीय नवरात्रि का 10 दिवसीय महायज्ञ धार्मिक अनुष्ठानों एवं विभिन्न धार्मिक क्रियाकलापों के साथ निर्विघ्न संपन्न हो गया। मंदिर प्रबंधन की ओर से पुरोहित एवं प्रबंधक राम गोविंद द्विवेदी ने सभी का आभार जताया और कहा कि लोक कल्याणकारी माँ कंकालिन देवी आप सभी की मनोकामना पूर्ण करे और सार्वभौम में शांति और अहिंसा की स्थापना हो। शारदीय क्वांर नवरात्रि का सफल आयोजन आप सभी के सहयोग से निर्विघ्न संपन्न हो गया।
इस कालखण्ड में ज्योति कलश प्रज्जवलन के साथ कई धार्मिक अनुष्ठान भी आचार्यों एवं विद्वान पंडितों के सानिध्य में संपन्न हुआ। विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों से चारों तरफ सत्व का प्रकाश फैलता रहा और माँ कंकालिन देवी मंदिर परिसर ज्योति कलशों से जगमगाता रहा। हजारों श्रद्धालुओं एवं मानवीय सेवाओं की प्रतिमूर्तियों ने क्षमता के अनुसार परिसर में भंडारा एवं अन्य सेवा भावी कार्य कराए। आगे राम गोविंद ने कहा मैं माँ कंकालिन देवी मंदिर प्रबंधन की ओर से सभी श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त करता हूं, जिन्होंने अनुशासित होकर माँ का दर्शन लाभ लिया और अपने जीवन को धन्य बनाने के विभिन्न उपाय मंदिर परिसर में किया।
सभी सहयोगियों का भी आभार व्यक्त करता हूं कि जिनके सहयोग से मंदिर परिसर में आयोजित विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों को सुचारू रूप से संपन्न कराने में सफलता मिली। समस्त उपस्थित ब्राम्हणों, देवी स्वरूपा कन्याओं को नमन करते हुए आभार व्यक्त करता हूं, जिनके भोग से यह महायज्ञ लाभदायी और प्रेरणादायी बना। ज्योति कलश प्रज्ज्वलित करने वाले श्रद्धालुओं का भी आभार व्यक्त करता हूं, जो रोजाना 10 दिन तक अंधकार का हरण करने वाले दिव्य ज्योतों का अनुशासित दर्शन लाभ लिया।

