पंचायत सचिवों की शासकीयकरण की मांग को लेकर भूख हड़ताल तब्दील हुई मातम में
कोरबा : शासकीय मांगों को लेकर चल रही पंचायत सचिवों की भूख हड़ताल अब मातम में बदल गई है। छत्तीसगढ़ प्रदेश में एक ही दिन में तीन पंचायत सचिवों की दर्दनाक मृत्यु हो गई है।
इसके अंतर्गत कोरबा जिले के पाली ब्लॉक से सचिव राजकुमार कश्यप, महासमुंद जनपद पिथौरा से मोहित साहू और जिला जशपुर के जनपद कुनकुरी से रामेश्वर चौहान की भूख हड़ताल के दौरान मृत्यु हो गई। इन सभी की मांग थी कि पंचायत सचिवों को शासकीय कर्मचारी का दर्जा दिया जाए।
कोरबा जिले के धरना स्थल पर सचिव संघ ने तीनों दिवंगत साथियों को नम आंखों से श्रद्धांजलि अर्पित की। सचिव संघ ब्लॉक अध्यक्ष मोहम्मद हसन का कहना है कि जब तक हमारी मांगें पूरी नहीं होतीं, आंदोलन जारी रहेगा। वही सचिव संघ जिला अध्यक्ष जयपाल सिंह कंवर ने साफ कर दिया है कि अब पीछे हटने का कोई सवाल ही नहीं है, चाहे इसके लिए कितने भी बलिदान देने पड़ें। सरकार की चुप्पी और बेरुखी से पंचायत सचिवों में जबरदस्त नाराजगी देखी जा रही हैं। माना जा रहा हैं की अब यह आंदोलन राज्यभर में उग्र रूप ले सकता है। सचिवों की मृत्यु ने पूरे प्रदेश में हड़कंप मचा दिया है।

