Tuesday, May 12, 2026
Google search engine

कुछ बड़े कांग्रेस नेता आम आदमी पार्टी का थाम सकते हैं दामन: हरदीप मुंडिया

Pnews24 :- आम आदमी पार्टी का दावा है कि कुछ बड़े कांग्रेस नेता उनकी पार्टी का दामन थाम सकते हैं।  दावा पार्टी की ओर से सामने आया। मीडिया से चर्चा करते हुए आम आदमी पार्टी छत्तीसगढ़ के प्रदेश सहप्रभारी हरदीप मुंडिया ने इसका खुलासा किया है। हरदीप ने बिना किसी का नाम लिए कहा कि कांग्रेस के नेता हमारे संपर्क में हैं। हम 2 जुलाई की महारैली की तैयारी में लगे हैं इसके बाद वो नेता आम आदमी पार्टी ज्वाइन करेंगे, उन्हें सामने लाकर उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई जाएगी।

हरदीप मुंडिया ने दावा किया कांग्रेस में 20 से अधिक विधायक जिनमें कुछ मंत्री भी शामिल हैं, अपनी पार्टी से खफा हैं। ऐसे लोगों से हम संपर्क में हैं। वो नेता अरविंद केजरीवाल की कार्यप्रणाली से प्रभावित हैं। पंजाब में भी बहुत से कांग्रेस नेताओं ने आम आदमी पार्टी ज्वाइन की। वहां भी कांग्रेस की गुटबाजी चरम पर थी यहां भी यही हाल है।

मुंडिया ने आगे कहा- इस बार ये गुटबाजी किसी मंत्रियों के बीच नहीं बल्कि छत्तीसगढ़ प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा और पीसीसी चीफ मोहन मरकाम के बीच देखने को मिली है। मरकाम के कुछ ही घंटों पहले जारी की गई नई नियुक्तियों को प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा ने रद्द कर दिया। इससे स्पष्ट हो गया है कि कांग्रेस में कुछ भी ठीक नहीं चल रहा है। कांग्रेस अंतर्कलह से जूझती हुई पार्टी है।

कांग्रेस की अस्थिरता और अनिश्चितता उजागर होती है। कांग्रेस की नईया 2023 में डूबने का ये बड़ा संकेत है। कांग्रेस डूबता हुआ जहाज है। इसका ताजातरीन उदाहरण कांग्रेस प्रदेश प्रभारी सैलजा के आदेश की समीक्षा की बात कहकर मोहन मरकाम ने साफ कर दिया कि वह प्रभारी के आदेश को तत्काल मानने के लिए तैयार नहीं हैं।

2 जुलाई को छत्तीसगढ़ में आप को मिलेगा बूस्टर डोज

2 जुलाई को आम आदमी पार्टी बिलासपुर में बड़ा सम्मेलन करने जा रही है। यहां अरविंद केजरीवाल और पंजाब के CM भगवंत मान आएंगे। माना जा रहा है कि यहां आम आदमी पार्टी दिल्ली मॉडल की सफल योजनाओं का प्रचार करेगी। केजरीवाल यहां किसानों को अधिक बोनस, फ्री बिजली, एजुकेशन और स्वास्थ्य से जुड़ी सुविधाओं से जुड़ा बड़ा एलान कर सकते हैं। ये वादे वोटर्स पर असर डाल सकते हैं। ये सभा प्रदेश में सियासी जमीन तलाश रही आप के लिए बूस्टर डोज हो सकती है।

Recent News

वंदे छत्तीसगढ़ यूट्यूब चैनल का शुभारंभ

  चैनल को मिल रहा बेहतर प्रतिसाद कोरबा : आज का दौर सोशल मीडिया और डिजिटल का है, ऐसे में एक नए यूट्यूब चैनल का उदय...