बिलसपुर pnews24: पुलिस की कार्रवाई से बचने लीलागर नदी में कूदने वाले युवक की दो दिन बाद लाश मिली है। गोताखोरों की मदद से पुलिस ने मृतक का शव एनिकट से बरामद किया है। जुआ कार्रवाई के दौरान इससे बचने के लिए कुछ जुआरी नदी में कूद गए थे। पांच जुआरियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया था, लेकिन नदी में कूदे एक युवक का कुछ पता नहीं चल रहा था। आज नदी के एनिकट में युवक की लाश मिली है। गहराई में डूबने से मौत होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने मर्ग दर्ज कर जांच शुरू कर दिया है।
दरअसल, मामला सीपत थाना क्षेत्र के घौराकोना का है। जहां बीते गुरुवार सीपत पुलिस को सूचना मिली थी कि, गांव के पास जंगल में जुआ चल रहा है। पुलिस ने टीम बनाकर मौके पर दबिश दिया। इस दौरान पुलिस को देखकर जुआरी इधर उधर भागने लगे। हालांकि, इस दौरान पांच जुआरियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। बताया जा रहा है इसी दौरान भागने के लिए कुछ जुआरी पास के ही लीलागर नदी में कूद गए। पुलिस ने नदी में जुआरियों की तलाश की। जिसमें एक जुआरी समीद मोहम्मद का कुछ पता नहीं चला। इस दौरान अगले दिन तक समीद ना तो घर पहुंचा ना ही उसकी कोई जानकारी मिली। जिसके बाद पुलिस ने गोताखोरों के जरिए नदी में समीद की तलाश शुरू की। दो दिन बाद आज गोताखोरों को एनिकट में समीद की लाश मिली है। डूबने से समीद के मौत की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने मामले में मर्ग दर्ज कर जांच शुरू कर दिया है।

